सनआ: यमन के सशस्त्र बलों ने सऊदी अरब में तेल ठिकानों के आसपास काम करने वाले कर्मचारियों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। यमन की समाचार एजेंसी सबा के अनुसार, रविवार को एक सैन्य सूत्र ने कहा कि लोगों को सऊदी अरब की तेल सुविधाओं से दूर रहना चाहिए।
यमन के सैन्य सूत्र ने दावा किया कि मक्का और मदीना के हवाई क्षेत्र को छोड़कर सऊदी अरब का बाकी हवाई क्षेत्र असुरक्षित है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्र ने सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के शेयरधारकों से भी अपील की है कि वे संभावित नुकसान से बचने के लिए समय रहते अपने शेयर बेच दें।
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब हाल के हफ्तों में सऊदी अरब में ठिकानों पर यमन के हमलों की खबरें सामने आई हैं।
इससे पहले यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता याह्या सरीअ ने दावा किया था कि यमनी बलों ने सऊदी अरब के जेद्दा, रियाद और नजरान में हवाई अड्डों तथा अरामको की तेल सुविधाओं को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया।
याह्या सरीअ के अनुसार, ये हमले यमन के शहरों पर किए गए हवाई हमलों के जवाब में किए गए थे।
आपकी टिप्पणी